नीमच में आज होगा रावण दहन, 51 फीट के रावण के साथ कुंभकरण-मेघनाथ के पुतले भी जलेंगे

40 वर्षों से आयोजित हो रहा दशहरा महोत्सव
दशहरा उत्सव समिति नीमच के अध्यक्ष हेमंत सिंघल और सचिव अरविंद शर्मा ने बताया कि समिति पिछले 40 वर्षों से इस महोत्सव का आयोजन कर रही है। इस बार भी भगवान राम, लक्ष्मण, सीता, कालिका माता सहित विभिन्न स्वांगधारी आयोजन में शामिल होंगे। समिति की ओर से स्वांगधारियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
दशहरा मैदान स्थित टाउन हॉल परिसर में नीमच में रहने वाले प्रशिक्षित कारीगरों के परिवार ने पुतलों का निर्माण पूरा कर लिया है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दो सीसीटीवी मेगा स्क्रीन पर भी किया जाएगा। रावण की नाभि में चकरी चलने का आकर्षण भी रहेगा।
इस बार सभी स्वांगधारियों को पुरस्कार के साथ 500 रुपये की नकद राशि दी जाएगी। प्रथम पुरस्कार के रूप में 5,100 रुपये के साथ एलईडी टीवी भी प्रदान किया जाएगा।
कलेक्टर और एसपी ने तैयारियों का किया निरीक्षण
रावण दहन कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। सोमवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और पुलिस अधीक्षक राकेश व्यास ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात और आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
सुरक्षा के लिए होगी डबल बैरिकेडिंग
कलेक्टर ने मैदान में डबल बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी व्यक्ति रावण के पुतलों के पास न पहुंच सके। भीड़ प्रबंधन, आवागमन और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने को भी कहा गया है। कार्यक्रम स्थल पर आने और जाने के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए गए हैं।
फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस रहेंगी तैनात
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए कार्यक्रम स्थल पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। मैदान में दो और मैदान के बाहर एक फायर ब्रिगेड तैनात रहेगी। इसके अलावा एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेगी।
आतिशबाजी के दौरान रॉकेट चलाने पर प्रतिबंध रहेगा। केवल कम दूरी तक जाने वाले अच्छी गुणवत्ता के पटाखों का उपयोग किया जा सकेगा।
कलेक्टर ने अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल को मनासा और जावद में होने वाले रावण दहन कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य दशहरा महोत्सव को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।