नई विधा — नीमच न्यूज़

बेगूं: जोगणियां माता शक्तिपीठ में दुर्गाष्टमी पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, गोकुल शर्मा की भजन संध्या में झूमे भक्त

धर्म-संस्कृति · बेगूं · · नई विधा डेस्क

बेगूं: जोगणियां माता शक्तिपीठ में दुर्गाष्टमी पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, गोकुल शर्मा की भजन संध्या में झूमे भक्त

गोकुल शर्मा के भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु

दुर्गाष्टमी पर आयोजित विशाल रात्रि जागरण एवं भजन संध्या में प्रसिद्ध गायक गोकुल शर्मा ने माता रानी की महिमा का गुणगान किया। उनके सुमधुर भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। माता के जयकारों और तालियों से पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।

शुम्भ-निशुम्भ वध की नृत्य नाटिका रही आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मुंबई के आशीष कुशलवन डांस ग्रुप की भव्य नृत्य नाटिका रही। श्री दुर्गासप्तशती में वर्णित शुम्भ-निशुम्भ वध और मां भगवती की दिव्य महिमा पर आधारित इस प्रस्तुति में कलाकारों ने आकर्षक वेशभूषा, प्रभावशाली अभिनय और मनमोहक नृत्य के माध्यम से देवी के पराक्रम को जीवंत किया।

देवी और असुरों के संघर्ष तथा दुष्ट शक्तियों के संहार के मंचन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालुओं ने तालियों और जयकारों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति

श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ प्रबंध एवं विकास संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने आयोजन में सहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में बाल योगी अवधूत अलखनाथ जी महाराज (दिल्ली), बनवारी शरण जी महाराज (भीलवाड़ा), राम मुनी जी महाराज (नोएडा) और पंडित कैलाश चंद्र शर्मा सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे। वेद विद्यालय के अध्यापक, बटुक, संस्थान के ट्रस्ट सदस्य, पदाधिकारी और क्षेत्रवासी भी आयोजन में शामिल हुए।

शक्तिपीठ में धार्मिक आयोजन जारी

शारदीय नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत शक्तिपीठ में पूजा-अर्चना, हवन-यज्ञ और अन्य धार्मिक कार्यक्रम जारी हैं। दुर्गाष्टमी पर उमड़ी भीड़, भजन संध्या और भव्य नृत्य नाटिका ने आयोजन को यादगार बना दिया।

टैग: Joganiya Mata, Begun, Chittorgarh News, Durga Ashtami, Navratri Mahotsav, Gokul Sharma, Bhajan Sandhya, Rajasthan News

और पढ़ें: बेगूं की सभी खबरें · नीमच धर्म-संस्कृति समाचार — त्योहार और आयोजन · नीमच न्यूज़ होम