बिरला सीमेंट वर्क्स ने 11 हॉकी खिलाड़ियों को बांटी किट, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे चित्तौड़गढ़ का प्रतिनिधित्व

यूनिट हेड और HR हेड ने खिलाड़ियों को सौंपी हॉकी किट
कार्यक्रम में बिरला सीमेंट वर्क्स के यूनिट हेड जयंत कंडपाल और HR हेड ने खिलाड़ियों को हॉकी किट प्रदान की। इस अवसर पर चिरडी गांव के स्थानीय प्रतिनिधि और विद्यालय के शिक्षक भी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे प्रतिभा
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, चिरडी के 11 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए चयन होना विद्यालय और क्षेत्र के लिए उपलब्धि है। खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें बेहतर अभ्यास के लिए प्रोत्साहित करना और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है।
इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
CSR के माध्यम से शिक्षा और खेल को बढ़ावा
कंपनी प्रबंधन के अनुसार, बिरला सीमेंट वर्क्स, चंदेरिया अपने CSR कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा, खेलकूद और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराना इसी दिशा में एक पहल है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।