नीमच में CRPF मध्य प्रदेश सेक्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता संपन्न, 148वीं बटालियन रही ओवरऑल चैंपियन

समापन समारोह में मुख्य अतिथि उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) डॉ. अब्दुल नजर ने विजेता एवं उपविजेता टीमों और खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पदक देकर सम्मानित किया।
10 बटालियनों और ग्रुप केंद्रों के जवानों ने लिया हिस्सा
21 से 24 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश सेक्टर भोपाल के अंतर्गत आने वाले ग्रुप केंद्र नीमच, भोपाल, ग्वालियर सहित 1वीं, 7वीं, 41वीं, 123वीं और 148वीं बटालियन, 107 द्रुत कार्य बल (RAF) तथा 4 सिग्नल बटालियन के जवानों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान 10 किलोमीटर, 5000 मीटर, 1500 मीटर दौड़ और रिले रेस सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, फिटनेस और सहनशक्ति का प्रदर्शन किया।
फिटनेस और टीम भावना पर दिया जोर
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. अब्दुल नजर ने कहा कि CRPF की कार्यशैली में तकनीकी दक्षता के साथ शारीरिक स्फूर्ति और फिटनेस भी महत्वपूर्ण है। इस तरह के आयोजन जवानों में मानसिक दृढ़ता और टीम भावना को मजबूत करने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम का संचालन उप महानिरीक्षक सुरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर CRPF के विभिन्न अधिकारी और जवान मौजूद रहे।