खेल मैदान बचाने सड़क पर उतरे खिलाड़ी, क्रिकेट-फुटबॉल खेलकर किया अनोखा प्रदर्शन

नीमच। शहर के ऐतिहासिक खेल मैदान को बचाने की मांग को लेकर मैदान बचाओ समिति के बैनर तले शनिवार सुबह भारत माता चौराहा (फोर जीरो) पर अनोखा प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया। खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और नागरिकों ने सड़क पर क्रिकेट और फुटबॉल खेलकर शासन, प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया कि यदि खेल मैदान समाप्त हो गए तो भविष्य में बच्चों और खिलाड़ियों को सड़कों पर ही खेलना पड़ेगा।
समिति ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल के निर्माण से नहीं, बल्कि खेल मैदान पर स्कूल भवन बनाए जाने से है। समिति का कहना है कि शिक्षा और खेल दोनों समाज के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं, इसलिए विद्यालय का निर्माण किसी उपयुक्त वैकल्पिक भूमि पर किया जाए और वर्तमान खेल मैदान को खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित रखा जाए।
प्रदर्शन के दौरान समिति के सदस्यों ने कहा कि यह मैदान वर्षों से क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। यदि यहां निर्माण कार्य होता है तो शहर के हजारों खिलाड़ियों और युवाओं के पास अभ्यास एवं खेलकूद के लिए उपयुक्त स्थान नहीं बचेगा।
समिति ने बताया कि सड़क पर क्रिकेट और फुटबॉल खेलना केवल एक प्रतीकात्मक संदेश है। इसका उद्देश्य जनता को जागरूक करना तथा शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को यह संदेश देना है कि आने वाली पीढ़ियों के खेल और स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए खेल मैदानों का संरक्षण आवश्यक है।
समिति ने शहरवासियों से इस जनहित अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि शहर के खिलाड़ियों और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए चलाया जा रहा है। प्रदर्शन में समिति के पदाधिकारी, खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।