नीमच। शहर के बघाना थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके पक्ष की एक महिला के साथ घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में महिला राबिया, उम्र 40 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल राबिया का आरोप है कि उनकी बहू द्वारा पूर्व में दर्ज कराए गए एक झूठे केस को वापस लेने के एवज में ससुराल पक्ष उनसे ₹5 लाख की मांग कर रहा था।
घटना गुरुवार शाम करीब 7 बजे एकता कॉलोनी, नीमच की है। राबिया पति जाकिर हुसैन अपने घर पर अपनी बेटी के साथ अकेली थीं, तभी मूलचंद मार्ग निवासी हुसैन पिता इशाक, चुन्नू पिता हुसैन, शाइना पिता हुसैन और समीना पिता हुसैन सहित करीब 8 से 10 महिला-पुरुष उनके घर में घुस आए। राबिया ने बताया कि आते ही उन्होंने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और 5 लाख की मांग करते हुए उन पर हमला बोल दिया। इस मारपीट में राबिया को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।
मारपीट के बाद राबिया के पति उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। घायल राबिया ने यह भी बताया कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है, जिससे उनका पूरा परिवार दहशत में है।
इस मामले में पुलिस को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
|