नई विधा — नीमच न्यूज़

पांच में से चार बेटों की हार्ट अटैक से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

स्थानीय · अठाना · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

पांच में से चार बेटों की हार्ट अटैक से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

📍 अठाना, नीमच

अठाना 27 सितंबर (जनप्र)। नगर के मोमीनपुरा वार्ड में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब निवासी सलीम पिता फकीर मोहम्मद नीलगर का अचानक हृदयाघात से निधन हो गया। सलीम के असमय निधन से परिवार और नगर में शोक का माहौल है।

घर पहुंचते ही अचानक गिरे

जानकारी के अनुसार सलीम टैंकर के माध्यम से पेयजल वितरण का कार्य करते थे। रोजमर्रा की तरह वे खेत से पानी का टैंकर भरकर घर पहुंचे थे। घर पर पानी खाली करने के दौरान वे अचानक नीचे गिर पड़े। परिजनों ने उन्हें संभाला, लेकिन तब तक हृदयाघात के कारण उनका निधन हो चुका था।

पांच भाइयों में चार की हार्ट अटैक से मौत

सलीम के परिवार पर पिछले कुछ वर्षों से लगातार दुखों का पहाड़ टूट रहा है। पांच भाइयों में से इब्राहिम, हनीफ और इकबाल की पहले ही हृदयाघात के कारण अकाल मृत्यु हो चुकी थी। परिवार अभी इन तीन भाइयों के निधन के दुख से उबर भी नहीं पाया था कि चौथे भाई सलीम की भी अचानक मौत हो गई।

सलीम की मौत के बाद अब परिवार में पांच भाइयों में केवल एक भाई शेष है। बुजुर्ग पिता फकीर मोहम्मद के लिए चार जवान बेटों को खोने का यह दुख बेहद पीड़ादायक है। फकीर मोहम्मद नगर में साइकिल की दुकान संचालित करते हैं।

जनाजे में उमड़ी भीड़

सलीम के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही मोमीनपुरा सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों से लोग उनके निवास पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। शाम को सलीम का जनाजा निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।

गमगीन माहौल में लोगों ने मरहूम को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

टैग: Athana, Heart Attack, Sad News, Madhya Pradesh, Neemuch News, MP News, Local News

और पढ़ें: अठाना की सभी खबरें · नीमच लोकल न्यूज़ — शहर और गांव की खबरें · नीमच न्यूज़ होम