धनिपुरा में ट्रक से 481 किलो 592 ग्राम डोडाचूरा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

थाना प्रभारी उप निरीक्षक विजय बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 23 सितंबर को ग्राम धनिपुरा स्थित श्मशान घाट के सामने कार्रवाई की। पुलिस ने मौके पर ट्रक को रोककर तलाशी ली।
पुलिस के अनुसार ट्रक में मक्का के कट्टों के बीच छिपाकर अवैध डोडाचूरा ले जाया जा रहा था। तलाशी के दौरान कुल 481 किलो 592 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने टाटा कंपनी का ट्रक क्रमांक आरजे 14 जीए 6295 भी जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने मौके से रानू उर्फ रणवीर सिंह राठौर, निवासी नयागांव, थाना भानपुरा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से बरामद मादक पदार्थ और ट्रक को जब्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
थाना प्रभारी बुंदेला के अनुसार मामले में गोपाल सिंह, निवासी ग्राम एमड़ी, थाना शामगढ़, जिला मंदसौर तथा दाणी सिंह सौंधिया राजपूत, निवासी ग्राम डोरी, थाना बड़ोद, जिला आगर-मालवा की भी संलिप्तता सामने आई है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए गए हैं।
पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है।