नई विधा — नीमच न्यूज़

सड़क-नाली और बिजली कनेक्शन की समस्या से परेशान वार्ड 15 के रहवासी, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

स्थानीय · भानपुरा · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

सड़क-नाली और बिजली कनेक्शन की समस्या से परेशान वार्ड 15 के रहवासी, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

रहवासियों के अनुसार कॉलोनी में सड़क और नालियों की सुविधा नहीं है। इसके अलावा घरेलू बिजली कनेक्शन भी अस्थायी रूप से दिए गए हैं। उनका कहना है कि अस्थायी कनेक्शन के कारण बिजली बिल अधिक आने की समस्या भी सामने आ रही है।

जलभराव और गंदे पानी की समस्या

कॉलोनीवासियों ने बताया कि सड़क और नालियां नहीं होने के कारण बारिश का पानी तथा घरों से निकलने वाला गंदा पानी जगह-जगह जमा रहता है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने की बात रहवासियों ने कही।

रहवासियों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा उनसे विभिन्न टैक्स और कर लिए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने जल्द सड़क, नाली और बिजली से जुड़ी समस्याओं का निराकरण करने की मांग की।

कॉलोनी को अधिकृत कराने का प्रस्ताव भेजा

रहवासियों के अनुसार प्रशासन ने कॉलोनी को अनधिकृत घोषित कर रखा है, जिसके कारण विकास कार्य कराने में परेशानी आ रही है। कॉलोनी में कई परिवार पिछले पांच-छह वर्षों से रह रहे हैं।

नगर परिषद अध्यक्ष विनोद शिव भानपुरिया ने बताया कि कॉलोनी को अधिकृत कराने के लिए जिला कलेक्टर और नगरीय प्रशासन विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद कॉलोनी की समस्याओं के निराकरण के लिए नगर परिषद स्तर से कार्रवाई की जाएगी।

वार्ड 15 की पार्षद सुरभि पंवार ने भी कॉलोनी को अधिकृत कराने और रहवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग का समर्थन किया। रहवासियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आगामी चुनावों के बहिष्कार की चेतावनी दी है।

टैग: Bhanpura, Mandsaur, Ward15, Bhanpura News, Civic Issues, Basic Facilities, Electricity Connection, Nagar Parishad, Madhya Pradesh News

और पढ़ें: भानपुरा की सभी खबरें · नीमच लोकल न्यूज़ — शहर और गांव की खबरें · नीमच न्यूज़ होम