नई विधा — नीमच न्यूज़

नारायणगढ़ में गणेश उत्सव की धूम, अनंत चतुर्दशी पर धूमधाम से हुआ गणपति बप्पा का विसर्जन

धर्म-संस्कृति · नारायणगढ़ · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

नारायणगढ़ में गणेश उत्सव की धूम, अनंत चतुर्दशी पर धूमधाम से हुआ गणपति बप्पा का विसर्जन

गांधी चौराहा, डॉ. आंबेडकर पार्क और नरीम चौक सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित गणेश प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए चल समारोह के रूप में ले जाया गया। इस दौरान पूरा नगर ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से गूंज उठा।

आकर्षक एवं झिलमिलाती झांकियों के साथ निकला विसर्जन चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामकुंड कुएं पहुंचा। यहां नगर परिषद की ओर से विधिवत पूजा-अर्चना की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद क्रेन मशीन की सहायता से गणेश प्रतिमाओं का सम्मानपूर्वक विसर्जन किया गया।

गणपति बप्पा को विदाई देते समय कई छोटे बच्चों सहित श्रद्धालुओं की आंखें नम दिखाई दीं। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका अधिकारी प्रवीण सेन अपनी टीम के साथ विसर्जन स्थल पर देर रात तक मौजूद रहे। वहीं थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम और विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न स्थानों पर निगरानी बनाए रखी।

श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और पुरुषों की बड़ी संख्या में मौजूदगी और उत्साह को देखते हुए सीएमओ प्रवीण सेन ने गणेश चल समारोह एवं विसर्जन आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की और नगरवासियों को अनंत चतुर्दशी की शुभकामनाएं दीं।

नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि जयराज सिंह चौहान एवं नगर परिषद उपाध्यक्ष ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और नगरवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नगर में इसी प्रकार उत्साह और सौहार्द के साथ धार्मिक आयोजनों की परंपरा जारी रहने की कामना की।

टैग: Narayan Garh, Ganesh Utsav, Anant Chaturdashi, Ganesh Visarjan, Ganpati Bappa Morya, Narayan Garh News, Neemuch News, MP News

और पढ़ें: नीमच धर्म-संस्कृति समाचार — त्योहार और आयोजन · नीमच न्यूज़ होम