राष्ट्रीय पोषण माह के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर, संतुलित आहार की दी जानकारी

अरनिया कुमार में 47 हितग्राही लाभान्वित
ग्राम अरनिया कुमार में शासकीय आयुर्वेद औषधालय बगाना द्वारा शिविर आयोजित किया गया। इसमें आंगनवाड़ी और प्राथमिक विद्यालय के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।
बच्चों को संतुलित आहार, पोषण, दिनचर्या, ऋतुचर्या, योग और मौसमी बीमारियों से बचाव की जानकारी दी गई। शिविर में 47 हितग्राही लाभान्वित हुए।
मनासा में किशोरियों और माताओं को पोषण की जानकारी
मनासा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में आयोजित शिविर में किशोरी बालिकाओं, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को आहार विविधता तथा प्रोटीनयुक्त आहार के महत्व की जानकारी दी गई।
विभिन्न रोगों से संबंधित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया और आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं। यहां 35 हितग्राही लाभान्वित हुए।
उकेड़ में स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों पर जोर
उकेड़ के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपलिया रावजी द्वारा पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 28 हितग्राहियों को संतुलित एवं विविध आहार तथा प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों के महत्व की जानकारी दी गई।
लोगों को दाल, चना, मूंग, सोयाबीन, दूध-दही और मूंगफली जैसे स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
बनेडिया में गर्भवती महिलाओं और बच्चों की जांच
आयुष्मान आरोग्य मंदिर डोड द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र बनेडिया में शिविर लगाया गया। यहां गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
ज्वार, बाजरा, चना, रागी, कोदो और सांवा जैसे मोटे अनाज को आहार में शामिल करने की सलाह दी गई। साथ ही मलेरिया एवं डेंगू से बचाव, स्वच्छता और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जागरूक किया गया।
इस शिविर में 40 हितग्राही लाभान्वित हुए।
आयुष विभाग के इन शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य जांच के साथ पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने और स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने का संदेश दिया गया।