नीमच में गणेशोत्सव और तीज की धूम, 14 सितंबर को विराजेंगे बप्पा; 12 दिन तक चलेगा उत्सव

धर्मशास्त्र एवं पंचांग गणना के अनुसार, इस बार तिथियों की पूर्णता के चलते गणेशोत्सव 10 के बजाय 12 दिनों तक चलेगा। 14 सितंबर से शुरू होने वाला उत्सव 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ संपन्न होगा।
120 से अधिक स्थानों पर स्थापित होंगी प्रतिमाएं
शहर में 120 से अधिक प्रमुख स्थानों पर सार्वजनिक गणेशोत्सव समितियों द्वारा भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। कई समितियों ने पंडाल निर्माण और सजावट का काम शुरू कर दिया है।
दशहरा मैदान में 22 फीट ऊंची प्रतिमा
दशहरा मैदान में गणपति ग्रुप द्वारा अपने 26वें वर्ष में महाराष्ट्र शैली पर आधारित करीब 22 फीट ऊंची 'मालवा के महाराजा' की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पंडाल में अष्टविनायक मंदिरों की झलक भी देखने को मिलेगी।
विजय टॉकीज चौराहे पर 'नीमच चा राजा'
विजय टॉकीज चौराहे पर आयर्न्स ग्रुप द्वारा 20वें वर्ष में पुणे के प्रसिद्ध दगडूशेठ गणपति की तर्ज पर करीब 10 फीट ऊंची 'नीमच चा राजा' की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
इसके अलावा अरोरा परिसर और फोर जीरो क्षेत्र में भी विभिन्न समितियों द्वारा आकर्षक थीम पर पंडाल और विद्युत सज्जा की जा रही है।
मूर्तिकार प्रतिमाओं को दे रहे अंतिम रूप
ग्वालटोली और एमआई रोड क्षेत्र स्थित कार्यशालाओं में मूर्तिकार गणेश प्रतिमाओं के फिनिशिंग और रंगरोगन के अंतिम चरण में जुटे हैं। स्थापना से पहले प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है।
पर्यावरण अनुकूल प्रतिमाओं की अपील
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पंडितों और प्रबुद्धजनों ने शहरवासियों से मिट्टी, हल्दी, गुलाल और प्राकृतिक तत्वों से निर्मित पर्यावरण-अनुकूल गणेश प्रतिमाओं की स्थापना करने की अपील की है।
गणेशोत्सव को लेकर शहर में पंडालों की तैयारियों के साथ बाजारों में भी त्योहार से जुड़ी खरीदारी का माहौल बनने लगा है। आगामी दिनों में विभिन्न समितियों द्वारा धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे।