ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल में 1200 विद्यार्थियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह
ज्ञानोदय मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप जैन, सीईओ डॉ. राकेश अरोड़ा, आरएमओ डॉ. पूजा पाटीदार, डॉ. सौरभ बच्चानी एवं डॉ. पूजा सोनी ने सेवाएं दीं।
चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छता और स्वस्थ दिनचर्या के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने के कारण मौसमी बीमारियों एवं संक्रमण का खतरा बना रहता है। ऐसे में पौष्टिक आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच आवश्यक है।
शिक्षा के साथ स्वास्थ्य भी महत्वपूर्ण
विद्यालय की निदेशिका डॉ. गरिमा चौरसिया ने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा के साथ उनका शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य भी महत्वपूर्ण है। स्वस्थ विद्यार्थी ही बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।
प्राचार्य आशुतोष रस्तोगी ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से संभावित बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान कर उचित उपचार एवं परामर्श दिया जा सकता है।
शिविर में विद्यार्थियों में उत्साह रहा। विद्यालय परिवार ने चिकित्सक टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शिक्षक एवं स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे।