हायर सेकेंडरी मैदान बचाने बच्चों का मौन प्रदर्शन, मुंह पर काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

नीमच, 9 सितंबर। हायर सेकेंडरी मैदान को बचाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के तहत मंगलवार को बच्चों ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। मैदान पर नियमित रूप से खेल अभ्यास करने वाले दर्जनों बच्चों ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर मूक प्रदर्शन किया।
बच्चे कतारबद्ध होकर शांतिपूर्वक खड़े रहे और सरकार व प्रशासन से ऐतिहासिक हायर सेकेंडरी मैदान को बचाने की मांग की। बच्चों का कहना था कि मैदान उनके खेल अभ्यास और भविष्य के सपनों से जुड़ा हुआ है। लंबे समय से उठाई जा रही मांग पर अपेक्षित ध्यान नहीं मिलने के बाद उन्होंने मौन प्रदर्शन का रास्ता चुना।
बच्चों ने जताया मैदान से जुड़ाव
प्रदर्शन के दौरान बच्चों ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि मैदान को बचाने का मुद्दा किसी एक संस्था, निजी स्कूल या खेल अकादमी तक सीमित नहीं है। मैदान पर अभ्यास करने वाले बच्चों और खिलाड़ियों के लिए यह उनके दैनिक खेल अभ्यास और भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है।
आंदोलन से जुड़े लोगों ने कहा कि मैदान को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच बच्चों की भागीदारी ने यह स्पष्ट किया है कि इस मुद्दे से बड़ी संख्या में युवा और खेलप्रेमी जुड़े हुए हैं।
18वें दिन भी जारी रहा धरना
इधर, मैदान बचाओ समिति का क्रमिक धरना 18वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर खेलप्रेमियों और नागरिकों ने पहुंचकर आंदोलन के प्रति समर्थन जताया।
धरने में मुफद्दल टाइगर क्रिकेट टीम के मुतुर्जा डेरकी की अगुवाई में अली शेख, मोहम्मद लाइटवेल, मोहसिन कुरैशी, विमल शर्मा, समीर कुरैशी, आदित्य शर्मा, सोनू शर्मा, मोहसिन राज, मुस्तफा पानवाला, कुतुब नंबरदार, हसन डेरकी, शब्बीर मिठाईवाला और पप्पू सिंह सहित अन्य खेलप्रेमी व नागरिक मौजूद रहे।
आंदोलनकारियों ने कहा कि हायर सेकेंडरी मैदान केवल एक खेल मैदान नहीं, बल्कि नीमच की खेल संस्कृति और युवाओं के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जनभावनाओं को देखते हुए जल्द समाधान की दिशा में कदम उठाने की मांग की।