मध्यप्रदेश में दशहरे पर मनेगा गृह प्रवेश दिवस, हजारों परिवारों को मिलेगा नए घर का सुख

10 लाख से अधिक जरूरतमंद परिवारों को मिले पक्के आवास
राज्य सरकार के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से अब तक 10 लाख से अधिक जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। अपना पक्का घर होना केवल भौतिक आवश्यकता ही नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व का आधार भी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में सरकार प्रदेश के नागरिकों के विकास और सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है।
नगरीय निकायों को आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश
गृह प्रवेश दिवस के तहत राज्य सरकार ने सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिए हैं कि योजना के अंतर्गत पूर्ण हो चुके आवासों में हितग्राहियों का गृह प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं।
दशहरे के पावन अवसर पर नए घर में प्रवेश करने वाले परिवारों के लिए यह दिन खुशियों और नई शुरुआत का अवसर बनेगा। गृह प्रवेश वैदिक परंपराओं के अनुसार परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में किया जाएगा।