‘सेवा सेतु’ शिविरों में सुनी गईं जनसमस्याएं: योजनाओं की जानकारी और आवेदन लिए गए

नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 4 अक्टूबर को जिले के सभी नगरीय निकायों में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों का उद्देश्य शासकीय योजनाओं और नागरिक सेवाओं को लोगों के नजदीक उपलब्ध कराना रहा।
शिविरों में विभिन्न विभागों की ओर से सूचना एवं योजना प्रदर्शनी के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी दी।
नागरिकों ने विभिन्न योजनाओं में पंजीयन, लाभ प्राप्त करने और अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों और अधिकारियों को सौंपकर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए गए।
नीमच नगरपालिका सहित जिले के सिंगोली, जावद, रतनगढ़, जीरन, कुकड़ेश्वर सहित अन्य नगरीय निकायों में भी शिविर आयोजित हुए। अलग-अलग विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए।
मनासा नगर परिषद में आयोजित शिविर में विधायक अनिरुद्ध माधव मारू भी शामिल हुए। उन्होंने नागरिकों से संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने पात्र लोगों को शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने तथा प्राप्त आवेदनों के प्राथमिकता से निराकरण पर जोर दिया।
इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन ने नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर कम लगाने और स्थानीय स्तर पर योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी, आवेदन तथा शिकायतों के निराकरण की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया।