मंदसौर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू, शिवना में विसर्जन पर रोक; 23 संग्रहण केंद्र बनाए

नगर पालिका ने गणेश प्रतिमाओं के संग्रहण के लिए शहर में 23 केंद्र बनाए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पशुपतिनाथ मंदिर के पास शिवना नदी किनारे भी पहुंच रहे हैं। यहां नगर पालिका कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं तथा लोगों को नदी में प्रतिमा विसर्जित करने से रोका जा रहा है। प्रतिमाओं को मौके पर ही संग्रहित किया जा रहा है।
विसर्जन के लिए एमआईटी चौराहे के पास स्थित खदान को निर्धारित किया गया है। सुरक्षा एवं निगरानी के लिए बीपीएल चौराहा, गांधी चौराहा, बस स्टैंड, घंटाघर और मंडी गेट पर वॉच टावर लगाए गए हैं। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी और महिला पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
पूरे मार्ग पर तीन एंबुलेंस और दो फायर ब्रिगेड तैनात रहेंगी। प्रत्येक झांकी के साथ बिजली कंपनी के दो कर्मचारी मौजूद रहेंगे। नगर पालिका की टीमें पेयजल व्यवस्था, आवारा पशुओं को हटाने और मार्ग व्यवस्था संभालेंगी।
62वां विसर्जन चल समारोह आज रात
मंदसौर में 62वां विसर्जन चल समारोह निकाला जाएगा। इसमें 16 झांकियां और 7 अखाड़े शामिल होंगे। रात 9 बजे गणपति चौक स्थित श्री द्विमुखी चिंताहरण गणपति मंदिर में कलेक्टर दिव्यांक सिंह और एसपी विनोद कुमार मीना पूजा-अर्चना कर चल समारोह की शुरुआत करेंगे।
300 पुलिसकर्मी और 5 वॉच टावर से निगरानी
चल समारोह को लेकर पुलिस ने 300 पुलिसकर्मियों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई है। इसके अलावा पांच वॉच टावरों से निगरानी की जाएगी। यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
यातायात थाना प्रभारी मनोज सोलंकी के अनुसार नाका नंबर-10 और आंबेडकर चौराहे से पशुपतिनाथ मंदिर की ओर जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यकता के अनुसार दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी रोका या डायवर्ट किया जाएगा। स्थिति सामान्य होने पर यातायात व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।
गणेश विसर्जन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह के साथ भावुकता भी देखने को मिल रही है। भक्तों ने गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना के बाद सुख-समृद्धि की कामना करते हुए उन्हें विदाई दी।