3500 करोड़ की सीमेंट फैक्ट्री का प्रमुख सचिव और कलेक्टर ने किया निरीक्षण, 2 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार का दावा

115 हेक्टेयर में विकसित हो रहा प्लांट
सगराना में करीब 115 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित हो रहे सीमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान कंपनी प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की जानकारी दी। कंपनी के अनुसार परियोजना में करीब 3500 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है।
कंपनी ने बताया कि प्लांट में प्रतिदिन 10 हजार टन क्लिंकर और 11 हजार टन सीमेंट उत्पादन की प्रस्तावित क्षमता होगी। उत्पादन आगामी मई से शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
2 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार का दावा
कंपनी के अनुसार प्लांट के संचालन से क्षेत्र के 2 हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। प्रमुख सचिव विवेक कुमार पोरवाल ने गुणवत्ता, समयबद्धता और स्थानीय रोजगार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने समीपस्थ थर्मल पावर प्लांट से निकलने वाली फ्लाई ऐश के वैज्ञानिक एवं उपयोगी निस्तारण और उसके अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया।
कंपनी के एमडी आर.एस. जोशी ने बताया कि प्लांट के करीब 30 प्रतिशत हिस्से में ग्रीन एरिया विकसित किया जा रहा है। साथ ही 60 हजार घन मीटर क्षमता के चार रेन वाटर हार्वेस्टिंग पॉन्ड बनाए जा रहे हैं।
मोरका आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण
इसके बाद प्रमुख सचिव और कलेक्टर ने जावद विकासखंड के ग्राम मोरका स्थित आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बच्चों से बातचीत कर उनके अक्षर ज्ञान और गिनती की जानकारी ली।
बच्चों को वितरित किए जा रहे दलिया की गुणवत्ता की भी जांच की गई। अधिकारियों ने केंद्र पर बच्चों को नियमित पौष्टिक नाश्ता और गर्म भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान केंद्र की शैक्षणिक सामग्री, टीवी व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया गया। बच्चों के पोषण और शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम जी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, एसडीएम जावद संजीव साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश गुप्ता, फैक्ट्री प्रोजेक्ट हेड गिरधर जाटव सहित अन्य अधिकारी और कंपनी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
नोट: 2 हजार से अधिक रोजगार, मई से उत्पादन और उत्पादन क्षमता संबंधी आंकड़े कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा निरीक्षण के दौरान बताए गए हैं।