ब्रेजा कार की डिक्की से 60 किलो 100 ग्राम डोडाचूरा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

अफजलपुर पुलिस ने नाकाबंदी कर कार को रोका, डिक्की में तीन कट्टों से बरामद हुआ डोडाचूरा मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की ब्रेजा कार GJ08CC2439 में दो लोग डोडाचूरा लेकर डिगांव होते हुए सीतामऊ की ओर जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी विकास गहलोत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कमालपुरा फंटा, ग्राम बिलात्री में नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद बताए गए हुलिए की कार वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने कार को कमालपुरा की ओर मोड़ने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
डिक्की से तीन कट्टों में मिला डोडाचूरा
तलाशी के दौरान कार की डिक्की में तीन काले रंग के कट्टे मिले। पुलिस के मुताबिक, इनमें कुल 60 किलो 100 ग्राम डोडाचूरा भरा हुआ था। पुलिस ने डोडाचूरा और तस्करी में इस्तेमाल ब्रेजा कार को जब्त कर लिया। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये और कार की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार सवार लखन पिता सुन्दरलाल (25), निवासी निंबाखेड़ी, थाना दलौदा, जिला मंदसौर और अरविंद पिता राधाकिशन (25), निवासी काजली, थाना रठाजना, जिला प्रतापगढ़, राजस्थान को गिरफ्तार किया।
दोनों के खिलाफ अफजलपुर थाने में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
स्रोत और नेटवर्क को लेकर पूछताछ
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी लखन के खिलाफ वर्ष 2019 में ताल थाना, रतलाम में NDPS एक्ट से संबंधित मामला दर्ज होना बताया गया है। यह जानकारी पुलिस रिकॉर्ड पर आधारित है।