हत्या का आरोपी एक साल बाद गिरफ्तार, जावद पुलिस ने हाईकोर्ट से जमानत के बाद फरार वारंटी को दबोचा

2020 के हत्या मामले में आरोपी गोविंद उर्फ नान्या नायक न्यायालय के फैसले से पहले हुआ था फरार, कोर्ट ने जारी किया था स्थायी वारंट मुखबिर की सूचना पर बस स्टैंड से गिरफ्तारी
एसपी राजेश व्यास, एएसपी हेमंत अग्रवाल एवं एसडीओपी हर्ष राठौड़ के मार्गदर्शन में जावद थाना प्रभारी मनोज सिंह जादौन की टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि वारंटी जावद बस स्टैंड क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गोविंद उर्फ नान्या पिता बाबूलाल नायक, निवासी बरखेड़ा मीणा को पकड़ लिया।
2020 में हत्या का मामला दर्ज हुआ था
पुलिस के अनुसार, 26 दिसंबर 2020 को प्रेम प्रसंग के चलते गोविंद उर्फ नान्या ने मानसिंह पिता दिया नायक, निवासी हरखेड़ा मीणा की हत्या कर दी थी। आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को खेत में दफना दिया गया था।
घटना के संबंध में जावद थाने में अपराध क्रमांक 51/2021 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 201 में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच पूरी कर न्यायालय में चालान पेश किया था।
जमानत के बाद हो गया था फरार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी, लेकिन न्यायालय का फैसला आने से पहले ही वह फरार हो गया। इसके बाद न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था।
पुलिस ने वारंट की तामीली करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आगे की कार्रवाई न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है।