हाइटेक शातिर गैंग बेनकाब: गरोठ में गैस कटर से ATM काटकर लाखों की चोरी, 3 राज्यों से 3 आरोपी गिरफ्तार

गैस कटर से ATM काटकर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गरोठ में बैंक ऑफ इंडिया के ATM को गैस कटर की मदद से काटकर उसमें रखी नगदी चोरी की थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की जानकारी जुटाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 6 लाख रुपए नकद, वारदात में इस्तेमाल सिल्वर डिजायर कार, गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, ATM कैश ट्रे और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
तीन राज्यों से पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनपाल सिंह निवासी कासगंज, उत्तर प्रदेश, रहजाद उर्फ चिकू निवासी मेवात, हरियाणा और समीर निवासी कोटा, राजस्थान के रूप में बताई गई है।
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और इनके खिलाफ मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा तथा दिल्ली में चोरी, लूट और धोखाधड़ी से जुड़े मामले दर्ज हैं।
कई राज्यों में वारदातों का दावा
पुलिस जांच में गिरोह द्वारा पांच राज्यों में आठ से अधिक वारदातों को अंजाम दिए जाने की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। हालांकि इन वारदातों और आरोपियों की भूमिका की विस्तृत पुष्टि पुलिस की पूछताछ एवं जांच के बाद होगी।
6 दिन की पुलिस रिमांड
गरोठ थाना प्रभारी बलवीर यादव के अनुसार कोर्ट ने तीनों आरोपियों को 6 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा है। पुलिस पूछताछ में गिरोह से जुड़ी अन्य अंतरराज्यीय ATM चोरी और लूट की वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, पूर्व की वारदातों और चोरी की रकम से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।