काबाइड गन बेचने पर लाइसेंस रद्द होंगे, मिलावटखोरों पर भी सख्ती: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मिलावटखोरों और काबाइड गन की बिक्री पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने त्योहारों के दौरान मिलावटी मावा, दूध और पनीर के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सीधे स्रोतों पर छापेमारी करने के निर्देश दिए। दीपावली पर खतरनाक काबाइड गन और काबाइड लैंप की बिक्री पर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने को कहा। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के लाइसेंस निरस्त करने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कानून-व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के लिए अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों का स्वयं निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रभावित किसानों को जल्द मिले राहत
मुख्यमंत्री ने अल्पवर्षा और अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सर्वे जल्द पूरा कर पात्र किसानों को समय पर राहत राशि वितरित करने को कहा। साथ ही प्रदेश में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और एग्रीस्टैक एवं ई-विकास व्यवस्था के माध्यम से खाद वितरण सुगम बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी कहा गया कि जिन महिलाओं के नाम भूमि दर्ज है, वे स्वयं उपस्थित न हो पाने की स्थिति में नामांकित व्यक्ति के माध्यम से खाद प्राप्त कर सकेंगी।
अधिकारी फील्ड में जाकर समस्याओं का करें निराकरण
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत अधिकारियों को शुक्रवार को अनिवार्य रूप से फील्ड में जाकर लोगों की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। बारिश के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाने और अस्पतालों में चेस्ट क्लीनिक जैसी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
स्थापना दिवस और गोवर्धन पूजा की तैयारियां
मुख्यमंत्री ने 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस और 1 नवंबर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। गोवर्धन पूजा के अवसर पर गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार के माध्यम से पशुपालकों को प्रोत्साहित करने और स्थानीय पशु हाटों को ग्रामीण परंपरा के रूप में विकसित करने की बात भी कही गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती की स्थिति में उपभोक्ताओं को पूर्व सूचना देना अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले में निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।