विजयादशमी पर मोहन भागवत और पीएम मोदी के संदेश चर्चा में, राष्ट्रीय एकता पर दिया जोर

रामलीला भारतीय सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश का कोना-कोना राममय है। गांव-गांव और शहर-शहर रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवंत रखा जा रहा है। रामलीला केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, न्याय, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। श्रीराम ने कठिन परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद सत्य और नीति का मार्ग नहीं छोड़ा। उनके आदर्श आज भी सुशासन और जनकल्याण के लिए प्रासंगिक हैं।
राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ एकजुट रहने का आह्वान
प्रधानमंत्री ने देश की एकता, संस्कृति और सम्मान को नुकसान पहुंचाने वाली ताकतों का मुकाबला करने के लिए नागरिकों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करने और देशहित को सर्वोपरि रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सत्य और मानवता के साथ खड़े रहने वालों की अंततः जीत होती है। देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सामूहिक शक्ति तथा उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग करना जरूरी है।
भगवान राम के आदर्शों से मिलेगी सुशासन की प्रेरणा
प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान श्रीराम के जीवन और रामराज्य की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि रामराज्य को आज भी सुशासन का आदर्श माना जाता है। इसमें भेदभाव के बजाय समानता, न्याय, जनकल्याण और समाज के सभी वर्गों के सम्मान को महत्व दिया जाता है।
उन्होंने गरीबों और वंचितों की सेवा को प्राथमिकता देने तथा जनता को जनार्दन मानकर कार्य करने की बात कही। भगवान राम के वनवास के दौरान निषादराज को गले लगाने और माता शबरी को सम्मान देने के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने समरसता, प्रेम और करुणा का संदेश दिया।
भारत की सांस्कृतिक विरासत पर गर्व
प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में 650 से अधिक प्राचीन मूर्तियां भारत वापस लाई गई हैं। उन्होंने इसे देश के आत्मसम्मान और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया। उन्होंने यह भी कहा कि यूनेस्को द्वारा दीपावली को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल किया जाना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान का तिलक किया तथा उनकी आरती की। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, विधायक ओम प्रकाश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।