मंदसौर में दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आने से बच्चे की मौत, गुस्साई भीड़ ने ट्रक में लगाई आग; 2 किमी लंबा जाम

चुनरी यात्रा से लौट रहा था बच्चा
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे असावदी गांव के लोग चुनरी यात्रा लेकर दूधाखेड़ी माताजी मंदिर पहुंचे थे। यात्रा से लौटते समय एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बच्चे की मौत हो गई। बताया गया कि मृत बच्चा गांव के पूर्व सरपंच का पोता था।
हादसे के बाद भड़का आक्रोश, ट्रक में लगाई आग
बच्चे की मौत की खबर फैलते ही लोग आक्रोशित हो गए। भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ की और उसमें आग लगा दी। इसके बाद मंदिर के मुख्य द्वार पर चक्काजाम कर दिया गया। चक्काजाम के कारण गरोठ-भानपुरा मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर लगभग 2 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई।
पुलिस के आश्वासन के बाद खुला जाम
सूचना मिलने पर गरोठ एएसपी रामसनेही मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और चक्काजाम खुलवा दिया गया है। हादसे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।
तीन सड़क हादसों में चार लोगों की मौत
रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को मध्यप्रदेश में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हुई, जबकि दो लोग घायल हुए।