हिंदुस्तान जिंक के डिजिटल मेटल कारोबार में 50% से अधिक बढ़ोतरी

उदयपुर। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने धातु खरीद-बिक्री के क्षेत्र में अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘वेदांता मेटल बाजार’ (VMB) के जरिए कारोबार में बढ़ोतरी दर्ज की है। कंपनी के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में प्लेटफॉर्म पर लेनदेन मूल्य में 50 प्रतिशत से अधिक की वार्षिक वृद्धि हुई है।
कंपनी के मुताबिक, इसी अवधि में कुल डिजिटल लेनदेन की संख्या में भी 40 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी का कहना है कि इससे उद्योगों में पारंपरिक खरीद प्रक्रिया के बजाय तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित खरीद व्यवस्था की बढ़ती स्वीकार्यता का संकेत मिलता है।
500 से अधिक शहरों तक पहुंच
वेदांता मेटल बाजार वर्तमान में देश के 23 राज्यों के 500 से अधिक शहरों में ग्राहकों तक पहुंच बना चुका है। कंपनी के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म से विशेष रूप से MSME और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र के उद्योगों को धातु खरीद प्रक्रिया में सुविधा मिल रही है।
हिंदुस्तान जिंक के CEO अरमेंदु प्रकाश के अनुसार, मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की वृद्धि के लिए कच्चे माल की उपलब्धता के साथ खरीद प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि VMB के माध्यम से धातु खरीद को सरल, पारदर्शी और अधिक सुलभ बनाने पर काम किया जा रहा है।
एक ही प्लेटफॉर्म पर खरीद की सुविधाएं
वर्ष 2022 में शुरू किए गए वेदांता मेटल बाजार को कंपनी भारत का पहला ऑनलाइन मेटल मार्केटप्लेस बताती है। प्लेटफॉर्म पर खरीदारों को लाइव कीमतों से लेकर उत्पाद चयन, ऑर्डर बुकिंग, भुगतान, बिलिंग, डिस्पैच प्लानिंग और शिपमेंट ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
कंपनी के अनुसार, डिजिटल लेजर रिकंसिलिएशन की सुविधा से खातों के मिलान में कागजी प्रक्रिया और समय कम करने में मदद मिलती है।
हिंदुस्तान जिंक के पोर्टफोलियो में स्पेशल हाई-ग्रेड जिंक, कम कार्बन वाला ‘EcoZen’ ग्रीन जिंक, प्राइम वेस्टर्न जिंक, कंटीन्यूअस गैल्वेनाइजिंग ग्रेड जिंक, एलॉय 3 व 5 और स्पेशल हाई-ग्रेड लेड जैसे उत्पाद शामिल हैं।
कंपनी के अनुसार, उसके उत्पाद EPD सत्यापन, BIS प्रमाणन और यूरोपीय बाजारों के लिए REACH मानकों के अनुरूप हैं। हिंदुस्तान जिंक 30 से अधिक देशों में अपनी सेवाएं दे रही है और अब वेदांता मेटल बाजार में AI आधारित सुविधाएं जोड़ने पर भी काम कर रही है।