कलेक्टर के निर्देश के बाद कार्रवाई, नीमच बस स्टैंड से 5 बसें जब्त; यात्री प्रतीक्षालय भी अतिक्रमण मुक्त

नीमच, मध्यप्रदेश
पूरी खबर:
नीमच में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद प्रशासन ने बस स्टैंड की अव्यवस्थाओं और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुरुवार को आरटीओ और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने डॉ. हेडगेवार बस स्टैंड परिसर में कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से बस संचालकों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान बस स्टैंड परिसर में लंबे समय से खड़ी और अव्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही 5 बसों को जब्त किया गया। इन बसों को आरटीओ कार्यालय भेज दिया गया।
जब्त बसों में नवकार विजयाजी ट्रैवल्स, वीर गुर्जर और एचएम कोठारी की बसें शामिल बताई गई हैं। टीम ने बसों के दस्तावेज, फिटनेस और परमिट की भी जांच की।
प्रशासन ने यात्री प्रतीक्षालय को भी अवैध कब्जे से मुक्त कराया। प्रतीक्षालय में मौजूद असामाजिक तत्वों को पुलिस ने बाहर निकाला और वहां रखा अवैध सामान नगर पालिका की टीम ने जब्त किया।
इसके बाद पूरे परिसर की सफाई कराई गई, ताकि यात्रियों को बैठने के लिए साफ-सुथरी और सुरक्षित जगह उपलब्ध हो सके।
आरटीओ नंदलाल गामड़ ने कहा कि डॉ. हेडगेवार बस स्टैंड को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अव्यवस्था फैलाने वाले बस संचालकों और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की ओर से अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।