नयागांव रेलवे क्रॉसिंग पर एंबुलेंस फंसी, गंभीर मरीज की मौत; जांच और कार्रवाई की मांग

जानकारी के अनुसार नीमच कैंट की स्कीम नंबर-9 निवासी सावदिया सुरेश पिता प्रहलाद सुराह की 29 सितंबर को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें जिला अस्पताल नीमच लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया।
परिजन एंबुलेंस से मरीज को उदयपुर ले जा रहे थे। परिवार का आरोप है कि नयागांव रेलवे क्रॉसिंग पर विक्रम सीमेंट फैक्ट्री की मालगाड़ी निकलने के कारण फाटक बंद था। इस दौरान एंबुलेंस करीब 30 से 35 मिनट तक फाटक के पास जाम में फंसी रही।
फाटक खोलने की लगाई गुहार
परिजनों के अनुसार उन्होंने फाटक कर्मचारियों से कई बार रास्ता खोलने की गुहार लगाई, लेकिन फाटक नहीं खोला गया। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि मालगाड़ी निकलने के बाद भी करीब 15 मिनट तक फाटक बंद रहा।
लंबे समय तक जाम में फंसे रहने के दौरान मरीज की हालत लगातार बिगड़ती गई। इसके बाद मंगलवाड़ चौराहे के पास एंबुलेंस में ही उसकी मौत हो गई।
निष्पक्ष जांच की मांग
परिजनों ने कलेक्टर और एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, जिससे उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित परिवार ने विक्रम सीमेंट फैक्ट्री प्रबंधन से ₹50 लाख की आर्थिक सहायता दिलाने की मांग भी की है। फिलहाल मामले में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।