मेट्रीमोनियल वेबसाइट से युवती से 7.50 लाख की ठगी, 6 गिरफ्तार

फर्जी NRI बनकर शादी का झांसा देकर बनाया भरोसा, गिरोह के खातों में 11 करोड़ से ज्यादा के ट्रांजैक्शन पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 22 एंड्रॉयड मोबाइल, 30 सिम, 150 बैंक अकाउंट, 5 एटीएम कार्ड सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। मामले की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के बड़े साइबर नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
फर्जी NRI बनकर युवती से किया संपर्क
शामगढ़ निवासी युवती ने मेट्रीमोनियल वेबसाइट पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। आरोपियों ने खुद को NRI बताकर युवती से संपर्क किया। फर्जी फोटो और नकली परिजनों के जरिए युवती का विश्वास हासिल किया गया और उससे शादी करने का झांसा दिया गया।
इसके बाद आरोपियों ने विदेश से महंगा गिफ्ट भेजने की बात कही। गिफ्ट के कस्टम विभाग में फंसने का हवाला देकर कस्टम ड्यूटी, सेल्स टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में करीब 7.50 लाख रुपए जमा करवा लिए।
छह महीने में 11 करोड़ से ज्यादा का ट्रांजैक्शन
एसपी विनोद कुमार मीणा के अनुसार जांच में आरोपियों से जुड़े बैंक खातों में पिछले छह महीने के दौरान 11 करोड़ रुपए से अधिक के ट्रांजैक्शन सामने आए हैं। पुलिस को गिरोह से 100 से अधिक साइबर ठगी की वारदातों से जुड़े होने के संकेत भी मिले हैं।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 22 लाख रुपए फ्रीज किए हैं, जबकि 11 लाख रुपए की फ्रीजिंग प्रक्रिया जारी है।
गिरोह में अलग-अलग लोगों को दी जाती थी जिम्मेदारी
जांच में सामने आया कि गिरोह में बैंक खाते और सिम उपलब्ध कराने से लेकर ठगी की रकम निकालने तक अलग-अलग लोगों को जिम्मेदारियां दी गई थीं। पुलिस अब गिरोह के विदेशी कनेक्शन और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।