खाली मकानों को बनाते थे निशाना, दो चोर गिरफ्तार; 4.62 लाख का माल बरामद

📍 मंदसौर, मध्यप्रदेश
पूरी खबर:
मंदसौर जिले की पिपलियामंडी पुलिस ने बालागुढ़ा और उमरिया क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी की दो वारदातों का 48 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मध्यप्रदेश और राजस्थान के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल ₹4 लाख 62 हजार 150 कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को संदीप प्रजापत और पन्नालाल मालवीय के खाली मकानों में चोरी की वारदात हुई थी। शिकायत मिलने के बाद पिपलियामंडी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मथुन बाबू उर्फ अल्तार (38), निवासी निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़ और इजराइल उर्फ कालू मोहम्मद (40), निवासी छोटी सादड़ी, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से क्षेत्र में घूमकर खाली मकानों की तलाश करते थे। मकान चिन्हित करने के बाद करीब 15 मिनट में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
मध्यप्रदेश-राजस्थान के कई क्षेत्रों में वारदातों की जानकारी
पुलिस जांच में दोनों आरोपियों के मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और भीलवाड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में चोरी और नकबजनी की वारदातों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार मथुन के खिलाफ 21 और इजराइल के खिलाफ 7 प्रकरण दर्ज होना सामने आया है।
दोनों वारदातों का माल बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर बालागुढ़ा की वारदात से संबंधित ₹2 लाख 50 हजार 130 और उमरिया की वारदात से संबंधित ₹2 लाख 12 हजार 20 का सामान बरामद किया गया। बरामद सामान में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और चोरी में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल शामिल है।
दोनों मामलों में बरामद संपत्ति की कुल कीमत ₹4 लाख 62 हजार 150 बताई गई है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों और उनके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।