बरुखेड़ा रोड के प्राचीन महादेव मंदिर में तोड़फोड़, भोलेनाथ-नंदीजी की प्रतिमाएं खंडित; आरोपी गिरफ्तार

2024 में भी इसी मंदिर में शिवलिंग को पहुंचाया था नुकसान, पुलिस ने आरोपी करण मालवीय को पकड़ा मंदिर में फिर हुई तोड़फोड़
पुलिस के अनुसार, मंदिर में तोड़फोड़ की घटना में करण मालवीय की भूमिका सामने आई है। बताया गया कि आरोपी ने अक्टूबर 2024 में भी इसी मंदिर के शिवलिंग को नुकसान पहुंचाया था। इसके अगले दिन मंशापूर्ण बालाजी मंदिर में हनुमानजी की प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया था।
2024 की घटना के बाद पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर कहा था कि उसने भगवान को जल चढ़ाया, लेकिन उसकी मनोकामना पूरी नहीं हुई, जिसके चलते उसने गुस्से में प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया।
पुरातत्व विभाग के संरक्षण वाले मंदिर की सुरक्षा पर सवाल
बरुखेड़ा रोड स्थित यह प्राचीन मंदिर पुरातत्व विभाग के संरक्षण में बताया जा रहा है। मंदिर परिसर में चौकीदार की तैनाती के बावजूद दोबारा तोड़फोड़ की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
थाना प्रभारी विजय सांवरिया के अनुसार, आरोपी करण मालवीय को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी धारा 151, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं।
ग्रामीणों ने की ठोस कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी प्रभावी होनी चाहिए। ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में निगरानी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।