रेंजर हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पिपलियामंडी-कनघट्टी तक पहुंची थी तलाश

छोटी सादड़ी पुलिस के अनुसार कन्हैयालाल उर्फ कान्हा पिता चांदमल बावरी (22), निवासी धामनिया रोड, थाना छोटी सादड़ी को 25 सितंबर को घोसुंडी जंगल से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी और डंपर भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय सूत्रों के अनुसार कनघट्टी क्षेत्र में आरोपी की तलाश के दौरान राजस्थान पुलिस की टीम के साथ कथित झूमाझटकी और पथराव की घटना की चर्चा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पिपलियामंडी थाना प्रभारी विक्रमसिंह इवने ने बताया कि आरोपी के पिपलियामंडी क्षेत्र में होने की सूचना पुलिस को मिली थी, लेकिन रात में हुई कथित झूमाझटकी या पथराव की घटना की जानकारी उन्हें नहीं है।
बताया गया कि 21 सितंबर की रात अवैध खनन रोकने के दौरान रेंजर प्रतापसिंह चूंडावत की डंपर से कुचलकर मौत हो गई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर डंपर से संबंधित जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी की तलाश शुरू की थी।