निम्बाहेड़ा में तीन ट्रकों से 18.39 क्विंटल गांजा बरामद, सात तस्कर गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत नीमच-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान की गई। थाने के सामने अहीरपुरा सीमा पर पुलिस ने तीन 12 चक्का ट्रकों को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान 59 कट्टों में रखे 515 पैकेटों से कुल 1,839 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद हुआ। दो ट्रकों में एशियन पेंट की बाल्टियां भरी थीं, जबकि एक ट्रक में नर्सरी के पौधे रखे थे। पुलिस के अनुसार इन्हीं सामान की आड़ में गांजे का परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस ने जगदीश, सुरेश, राजमल उर्फ राजू, दिनेश, राजकुमार उर्फ राजू, बंशीलाल और सद्दाम शेख को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में तस्करी का नेटवर्क करीब 1,500 किलोमीटर और तीन राज्यों तक फैला होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में सदर निम्बाहेड़ा पुलिस टीम के साथ जिला विशेष टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।