निंबाहेड़ा में राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 की तैयारियां तेज, थीम लाइटिंग और सेल्फी पॉइंट होंगे आकर्षण

निंबाहेड़ा, चित्तौड़गढ़। निंबाहेड़ा में राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। पूर्व मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के मार्गदर्शन और नगर परिषद सभापति शिल्पा भूतड़ा के नेतृत्व में 11 से 20 अक्टूबर तक दस दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा।
थीम आधारित सजावट बनेगी आकर्षण
विद्युत एवं पेयजल समिति के संयोजक लालचंद दशोरा के अनुसार, इस बार मेला परिसर के अलग-अलग बाजारों को विशिष्ट थीम पर आधारित आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। युवाओं और परिवारों के लिए विशेष थीम वाले सेल्फी पॉइंट भी तैयार किए जा रहे हैं, जो मेले में आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
रोशनी और पेयजल की व्यवस्था पर जोर
मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और मेलार्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और विभिन्न स्थानों पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। संबंधित समितियां परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रही हैं।
आयोजन का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को मनोरंजन के साथ जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना और मेले को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।