नई विधा — नीमच न्यूज़

120 फीट ऊंचे एयरटेल टावर पर चढ़ा किसान, डेढ़ माह से लापता बेटे की तलाश की मांग

स्थानीय · पिपलियामंडी120 फीट ऊंचे एयरटेल टावर पर चढ़ा किसान, डेढ़ माह से लापता बेटे की तलाश की मांग · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

120 फीट ऊंचे एयरटेल टावर पर चढ़ा किसान, डेढ़ माह से लापता बेटे की तलाश की मांग

📍 पिपलियामंडी, नीमच

पूरी खबर:

पिपलियामंडी क्षेत्र के गांव बरखेड़ा डांगी में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान अपने 22 वर्षीय लापता बेटे की तलाश की मांग को लेकर करीब 120 फीट ऊंचे एयरटेल मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार बरखेड़ा डांगी निवासी किसान मोहनलाल पिता नाथूलाल तेली गुरुवार शाम करीब 5 बजे एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ग्रामीणों ने उसे टावर पर देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम गांव पहुंची और किसान को नीचे उतरने के लिए समझाइश दी। बताया गया कि किसान ने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर रखा था। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने गांव के मंदिर में लगे माइक से मुनादी कर किसान को समझाने का प्रयास किया।

माइक के माध्यम से किसान को आश्वस्त किया गया कि उसकी मांगों पर कार्रवाई की जाएगी और उसके लापता बेटे की तलाश के प्रयास जारी हैं। करीब डेढ़ घंटे की समझाइश के बाद शाम करीब 6:30 बजे किसान सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया।

बताया गया कि किसान का 22 वर्षीय बेटा सुखदेव 17 अगस्त 2026 से लापता है। बेटे की तलाश के लिए किसान द्वारा नाहरगढ़ थाने सहित जिला पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर तलाश की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के मुताबिक मोहनलाल की पत्नी का निधन हो चुका है और वह घर में अकेला रहता है। उसका इकलौता बेटा भी लंबे समय से लापता होने के कारण वह परेशान था।

मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी वरुण तिवारी ने किसान को समझाइश देकर सुरक्षित नीचे उतारा। उन्होंने बताया कि किसान को समझाया गया है और उसके लापता बेटे की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।

मंडी भाव: आज का नीमच मंडी भाव

टैग: नीमच, पिपलियामंडी, लापताबेटा, किसान, एयरटेलटावर, मोबाइलटावर, पुलिस, स्थानीयसमाचार, मध्यप्रदेश, Neemuch, Pipliy Mandi

और पढ़ें: पिपलियामंडी की सभी खबरें · नीमच लोकल न्यूज़ — शहर और गांव की खबरें · नीमच न्यूज़ होम