नाकाबंदी में 141.8 किलो डोडाचूरा जब्त, चालक गिरफ्तार; स्थानीय युवक जंगल में फरार

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध बोलेरो रोकी
पुलिस के अनुसार कार्रवाई 15 सितंबर की रात काकड़िया तलाई क्षेत्र में की गई। एमपी-राजस्थान सीमा पर वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस को काले रंग की बिना नंबर की बोलेरो नियो आती दिखाई दी।
पुलिस को देखते ही चालक के बगल वाली सीट पर बैठा युवक कार से उतरकर जंगल की ओर भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर वह फरार हो गया।
अजमेर निवासी चालक गिरफ्तार
पुलिस ने घेराबंदी कर बोलेरो चालक योगेंद्र सिंह उर्फ जोनी (34) निवासी ग्राम सूपा, थाना केकड़ी सदर, जिला अजमेर को पकड़ लिया।
पूछताछ में चालक ने फरार युवक का नाम गणेश धाकड़, निवासी काकड़िया तलाई बताया। पुलिस के अनुसार गणेश गांव के चौकीदार हेमराज धाकड़ का बेटा है।
7 कट्टों में मिला 141 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा
बोलेरो की तलाशी के दौरान सात काले प्लास्टिक कट्टों में 141 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा मिला। पुलिस के अनुसार जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 21.27 लाख रुपये है।
इसके अलावा करीब 8 लाख रुपये की बोलेरो नियो और करीब 30 हजार रुपये कीमत के तीन एंड्रॉइड मोबाइल भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार कुल जब्ती करीब 29.57 लाख रुपये की है।
फरार युवक की तलाश जारी
गणेश धाकड़ की तलाश में रतनगढ़ पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे राजस्थान में कहां पहुंचाया जाना था।
पिता की भूमिका की भी जांच
गणेश के पिता हेमराज धाकड़ के गांव का चौकीदार होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस जांच का दायरा बढ़ा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वर्तमान तस्करी के मामले में हेमराज की कोई भूमिका थी या नहीं और क्या तस्करों को पुलिस की गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हेमराज के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और राजस्थान में NDPS मामलों से जुड़े होने की जानकारी भी जांची जा रही है। हालांकि, पिता की भूमिका को लेकर अभी जांच जारी है और इस संबंध में कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच
पुलिस अब जब्त डोडाचूरा के स्रोत और संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।