एसपी ने सुनी 59 फरियादियों की शिकायतें, CM हेल्पलाइन की 14 शिकायतों का मौके पर कराया निराकरण

जिला स्तरीय जनसुनवाई में भूमि विवाद और पुलिस कार्रवाई सहित विभिन्न मामलों के आवेदन पहुंचे, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश भूमि विवाद सहित विभिन्न मामलों के आवेदन
उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में लोगों ने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई और अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन एसपी के समक्ष प्रस्तुत किए।
एसपी राजेश व्यास ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित थाना प्रभारियों को शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
CM हेल्पलाइन की 14 शिकायतों का निराकरण
शिविर के दौरान CM हेल्पलाइन के लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 की कुल 14 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराया गया। शिकायतकर्ताओं से चर्चा के बाद इन शिकायतों को बंद करवाया गया।
एसपी ने राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समय पर और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए।
भूमि विवाद और सामाजिक सुरक्षा संबंधी शिकायतों पर विशेष ध्यान
एसपी ने अधिकारियों को भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामलों तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना क्षेत्रों में भी समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
अधिकारी और फरियादी रहे मौजूद
शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक दिव्या चंद्रवंशी, थाना प्रभारी एवं प्रभारी अधिकारी, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी सहित फरियादी और आवेदक मौजूद रहे।