नीमच में चाय में इलायची की जगह छिलके के इस्तेमाल का मामला, ₹1.38 लाख का माल जब्त

नीमच, 10 सितंबर। चाय में असली इलायची की जगह इलायची के छिलके का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विकास नगर स्थित श्री टी कंपनी पर आकस्मिक कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान टीम को अलग-अलग पैकिंग में इलायची युक्त चाय तैयार कर पैक किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद चाय और उपयोग किए जा रहे कच्चे माल के नमूने लिए गए।
1.38 लाख रुपए से अधिक का माल जब्त
कार्रवाई के दौरान मौके से बिक्री के लिए रखी 55 किलो इलायची युक्त चाय और 14 किलो इलायची छिलका जब्त किया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1,38,500 रुपए बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा टीम ने चाय, श्रीफल गोल्ड चाय इलायची युक्त, श्रीफल चाय इलायची युक्त और इलायची छिलका सहित कुल चार नमूने लिए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।
लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन पर नोटिस
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन की बात भी सामने आई। इस पर प्रतिष्ठान को अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया है।
अब आगे की कार्रवाई प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी। यदि जांच में मिलावट या निर्धारित खाद्य मानकों का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जिले में मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य खाद्य कारोबारियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।