राष्ट्रीय दशहरा मेले में ‘गोली’ की प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब हंसाया

मीरा रंगमंच पर कलाकारों की प्रस्तुतियां
नगर परिषद चित्तौड़गढ़ की ओर से आयोजित मेले में सोमवार रात मीरा रंगमंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। जे.डी. इवेंट्स स्टेज शो परफॉर्मेंस और स्कॉर्पियन्स इवेंट्स, कोटा की ओर से प्रस्तुत कार्यक्रम में कुश शाह (गोली), जूनियर पुष्पराज, सुशील खरबंद (डॉ. मशहूर गुलाटी) और अन्य कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर गोली का नगर परिषद सभापति शिल्पा भूतड़ा और आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर, उपरना ओढ़ाकर और गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
झूले, बाजार और झांकियां बनीं आकर्षण
मेले में ब्रेकडांस, ड्रैगन ट्रेन सहित विभिन्न झूलों और बच्चों के मनोरंजन के साधनों पर देर रात तक भीड़ रही। खानपान के स्टॉल और भगवान श्रीराम, महादेव सहित अन्य देवी-देवताओं की विद्युत सज्जित संगीतमय झांकियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
रामलीला मंचन भी शुरू
श्री रामलीला मंच पर श्री बजरंग मंडल, नागौर के कलाकारों ने रावण के अत्याचार, पृथ्वी की पुकार, श्रीराम जन्म और ताड़का वध जैसे प्रसंगों का मंचन किया। आगामी प्रस्तुतियों में श्रीराम-सीता विवाह, राजा जनक द्वारा कन्यादान, सीता विदाई, दशरथ-कैकयी संवाद और राम वनवास के प्रसंग शामिल रहेंगे।
14 अक्टूबर को होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
मीरा रंगमंच आयोजन समिति के संयोजक एवं पार्षद विक्रमादित्य खेरोदिया के अनुसार, बुधवार 14 अक्टूबर को विनीत गौतम एंटरटेनमेंट, जयपुर की ओर से कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें अभिनेत्री मेघना नायडू, महिला गायिका काव्या डे और रियलिटी शो से जुड़े पुरुष गायक सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।