विक्रम सीमेंट फैक्ट्री में झारखंड के प्रवासी मजदूर की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

स्थान: खोर, जिला नीमच, मध्य प्रदेश।
नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत नयागांव चौकी के खोर स्थित विक्रम सीमेंट फैक्ट्री में काम करने वाले झारखंड के एक प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान पप्पू उरांव (38), पिता पूरन उरांव, निवासी ग्राम कुरुमदारी, जिला गढ़वा (झारखंड) के रूप में हुई है।
बाजार से लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत
पुलिस के अनुसार, पप्पू उरांव कुछ दिन पहले रोजगार की तलाश में नीमच आए थे और विक्रम सीमेंट फैक्ट्री में मजदूरी कर रहे थे। साथियों के मुताबिक, दिनभर की ड्यूटी पूरी करने के बाद वह कमरे पर लौटे और शाम को साथियों के साथ पास के बाजार गए थे।
बाजार से लौटने के बाद वह कमरे पर आराम कर रहे थे। इसी दौरान देर रात करीब एक बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें तेज दर्द होने लगा।
जिला अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
साथी मजदूर उन्हें तत्काल विक्रम सीमेंट फैक्ट्री स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच जारी, रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
घटना की सूचना मिलने पर जावद थाना पुलिस और नयागांव चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को अपने कब्जे में लिया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।