मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नीमच में प्रदर्शन, पोस्टर जलाकर जताया विरोध; पद से हटाने की मांग

स्थान: नीमच, मध्य प्रदेश।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में हुए प्रदर्शन के समर्थन में रविवार को नीमच में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। शहर के 40 चौराहे पर डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (DYFI), CPI(M), CITU और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर विरोध जताया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त के पोस्टर जलाए गए और उन्हें पद से हटाने की मांग उठाई गई।
दिल्ली में हिरासत की कार्रवाई का विरोध
DYFI के जिला संयोजक नितेश यादव ने बताया कि 10 अक्टूबर को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन किया था। उनके अनुसार, इस दौरान दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई नेताओं और नागरिकों को हिरासत में लिया।
यादव ने हिरासत की कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुए प्रदर्शन में CPI(M), अखिल भारतीय किसान सभा, SFI, CITU सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए थे।
‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के लगाए नारे
नीमच में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ सहित विभिन्न नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और सार्वभौमिक मताधिकार की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखा जाएगा।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से नहीं हटाया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में सुनील शर्मा, कमल सोलंकी, वसीम खान, फैजान राइन, रमेश चंद्र रघुवंशी, आकाश कुमार, यश यादव, नैतिक यादव, देवेंद्र सोलंकी, प्रियंका कविश्वर, उमाकांत सोलंकी, साहिल खान, सलीम कुरैशी, रफीक रंगरेज, प्रो. निरंजन गुप्ता माही, किशोर जवेरिया और शैलेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।