नई विधा — नीमच न्यूज़

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने भाटखेड़ी बुजुर्ग का किया दौरा, विद्यार्थियों को 90% से अधिक अंक लाने का लक्ष्य दिया

स्थानीय · नीमच · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने भाटखेड़ी बुजुर्ग का किया दौरा, विद्यार्थियों को 90% से अधिक अंक लाने का लक्ष्य दिया

स्थान: भाटखेड़ी बुजुर्ग, मनासा, जिला नीमच

खाद्य प्रसंस्करण इकाई और दुग्ध समिति का निरीक्षण

नीमच। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शनिवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मनासा विकासखंड के ग्राम भाटखेड़ी बुजुर्ग का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव में संचालित खाद्य प्रसंस्करण इकाई, दुग्ध सहकारी समिति और शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर विकास योजनाओं, स्वरोजगार गतिविधियों और शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली।

खाद्य प्रसंस्करण इकाई से हर महीने 20 हजार रुपये की आय

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत 8 लाख रुपये की लागत से स्थापित ग्रेडिंग कम फ्लोरिंग इकाई का अवलोकन किया।

हितग्राही अर्जुन, पिता प्रेमसुख पाटीदार, ने बताया कि उन्हें योजना के तहत 2.80 लाख रुपये की अनुदान सहायता मिली है। इससे संचालित इकाई से उन्हें प्रतिमाह लगभग 20 हजार रुपये की शुद्ध आय हो रही है।

कलेक्टर ने इकाई की सराहना करते हुए क्षेत्र के अन्य किसानों और युवाओं को भी खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित कर स्वरोजगार अपनाने और अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

दुग्ध सहकारी समिति से किसानों को मिल रहा संबल

भाटखेड़ी बुजुर्ग स्थित दुग्ध सहकारी समिति मर्यादित के निरीक्षण के दौरान ऑपरेटर रामनारायण कारपेंटर ने बताया कि सांची के माध्यम से समिति को 4 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग प्राप्त हुआ है। इससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 10 हजार रुपये की आय हो रही है।

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ दुग्ध व्यवसाय जैसे सहायक आय स्रोत अपनाने की अपील की। उन्होंने प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता परखी

दौरे के दौरान कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय और हाई स्कूल का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय में उन्होंने कक्षा चौथी और पांचवीं के विद्यार्थियों से पहाड़े लिखवाकर उनकी शैक्षणिक दक्षता का आकलन किया।

वहीं, कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के बीच बैठकर गणित विषय में त्रिकोणमिति के अध्यापन का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, मेहनत से लक्ष्य निर्धारित करने और बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने का लक्ष्य

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने विद्यार्थियों से कहा कि वे नियमित पढ़ाई करें और इस बार बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ें। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, मनासा एसडीएम मयूरी जोक, उद्यानिकी विभाग के उपसंचालक पी.एस. कनेल, पशुपालन विभाग के उपसंचालक ए.आर. धाकड़, शिक्षिकाएं निर्मला खजुरिया और सुनीता वाघवा, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

मंडी भाव: आज का मनासा मंडी भाव

टैग: Neemuch News, Manasa News, हिमांशुचंद्रा, भाटखेड़ीबुजुर्ग, मुख्यमंत्रीजनविश्वासअभियान, कृषि, स्वरोजगार, शिक्षा, बोर्डपरीक्षा

और पढ़ें: नीमच की सभी खबरें · नीमच लोकल न्यूज़ — शहर और गांव की खबरें · नीमच न्यूज़ होम