नई विधा — नीमच न्यूज़

भाटखेड़ी बुजुर्ग में जनविश्वास शिविर: विधायक मारू और कलेक्टर ने सुनी समस्याएं, 172 आवेदन प्राप्त

स्थानीय · मनासा · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

भाटखेड़ी बुजुर्ग में जनविश्वास शिविर: विधायक मारू और कलेक्टर ने सुनी समस्याएं, 172 आवेदन प्राप्त

स्थान: भाटखेड़ी बुजुर्ग, तहसील मनासा, जिला नीमच

शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

नीमच। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शनिवार को मनासा विकासखंड की ग्राम पंचायत भाटखेड़ी बुजुर्ग में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू और कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से कुल 172 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों को आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

मकान और प्लॉट की मुफ्त रजिस्ट्री योजना की जानकारी

शिविर को संबोधित करते हुए विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप अधिकारी और जनप्रतिनिधि गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

उन्होंने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना 2026 का उल्लेख करते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मकानों, प्लॉट और संपत्तियों की मुफ्त रजिस्ट्री की जा रही है। इसका उद्देश्य नागरिकों के संपत्ति संबंधी अधिकारों को सुरक्षित करना है।

प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील

विधायक मारू ने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने और गोबर की खाद का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान भी किया।

आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करें: कलेक्टर

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित संवाद बनाए रखने और प्राप्त आवेदनों का समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से कृषि विविधीकरण और पशुपालन अपनाकर आय बढ़ाने की दिशा में प्रयास करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराईं

शिविर में नामांतरण, सीमांकन, आयुष्मान कार्ड, ई-केवाईसी, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना और लोक सेवा गारंटी से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। इसके अलावा क्षेत्र के उद्यमियों गजेंद्र चोपड़ा और कमलाशंकर विश्वकर्मा से संवाद कर उनके व्यावसायिक अनुभवों तथा प्रशासनिक अपेक्षाओं पर चर्चा की गई।

हितग्राहियों को वितरित किए लाभ

कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही एसएएम श्रेणी के बच्चों की माताओं को न्यूट्री बास्केट और अन्य शासकीय योजनाओं के तहत हितलाभ प्रदान किए गए।

ये रहे उपस्थित

शिविर में अनुविभागीय अधिकारी एस.के. अटोलिया, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम मयूरी लोक सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।

मंडी भाव: आज का मनासा मंडी भाव

टैग: Neemuch News, Manasa News, जनविश्वासअभियान, भाटखेड़ीबुजुर्ग, अनिरुद्धमारू, हिमांशुचंद्रा, जनसमस्याएं, लाड़लीलक्ष्मी, ग्रामीणविकास

और पढ़ें: मनासा की सभी खबरें · नीमच लोकल न्यूज़ — शहर और गांव की खबरें · नीमच न्यूज़ होम