अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटा तूफान वाहन: 10 घायल

मनासा/नीमच। मनासा थाना क्षेत्र के चपलाना-बड़कुआं मार्ग पर सोमवार को रामदेवजी मंदिर के पास सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार तूफान वाहन अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में वाहन में सवार 14 लोगों में से 10 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार मंदसौर जिले के रतन पिपलिया निवासी मालवीय समाज के लोग तूफान वाहन से भमेसर गांव में अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान चपलाना-बड़कुआं मार्ग पर अंधे मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन असंतुलित होकर पलट गया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों और डायल-112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। डायल-112 के पायलट राहुल भट्ट और अजय प्रताप सिंह ने घायलों को तत्काल मनासा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों में संपतबाई, राहुल, गोपाल और दिनेश सहित कुल 10 लोग शामिल हैं।
प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार मनासा अस्पताल में किया गया।
हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।