सांवलियाजी मंदिर में नोटों की माला पर रोक: सुरक्षा कर्मचारियों को दिए निर्देश

चित्तौड़गढ़। श्री सांवलियाजी मंदिर मंडफिया में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा भारतीय मुद्रा के नोटों से बनी मालाएं लाने के मामले में मंदिर मंडल ने नई व्यवस्था लागू की है। मंदिर मंडल के लेखाधिकारी राम सिंह गुर्जर द्वारा 6 अक्टूबर को जारी पत्र में सुरक्षा कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
मंदिर मंडल के अनुसार, कुछ श्रद्धालु भारतीय मुद्रा के नोटों से बनी मालाएं लेकर मंदिर पहुंचते हैं। इसे देखते हुए मुख्य प्रवेश द्वार और प्रवेश लाइन में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों को ऐसी मालाओं को मंदिर में ले जाने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
यदि कोई श्रद्धालु नोटों की माला लेकर आता है तो उसे मंदिर में प्रवेश देने के बजाय निर्धारित कक्ष या काउंटर पर माला जमा करवाकर उसकी रसीद जारी कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं को इस संबंध में आवश्यक जानकारी देने के लिए कहा है। मंदिर मंडल के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य मंदिर परिसर में भारतीय मुद्रा के अनुचित उपयोग को रोकना है।