मंदसौर छू रहा तरक्की के नए आयाम, किसानों को सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली: मुख्यमंत्री

मंदसौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेती-किसानी और औषधीय फसलों के क्षेत्र में पहचान रखने वाला मंदसौर जिला विकास के नए आयाम छू रहा है। मुख्यमंत्री बलराम कृषि महोत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअली मंदसौर जिले से जुड़े और किसानों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए अब दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में व्यवस्था की जा रही है, जिससे किसानों को रात के समय सिंचाई के लिए परेशान न होना पड़े।
उन्होंने कहा कि मंदसौर में आधुनिक तकनीक के माध्यम से औषधीय फसलों की खेती की जा रही है। एक जिला-एक उत्पाद के तहत मंदसौर के लहसुन की ब्रांडिंग राज्य शासन द्वारा किए जाने की जानकारी भी दी गई।
मुख्यमंत्री ने जिले में 8-लेन एक्सप्रेस-वे, गांधीसागर चीता परियोजना और पशुपतिनाथ लोक जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में मंदसौर-नीमच एयरपोर्ट सुविधा और परिवहन सेवा की बसों के माध्यम से भोपाल से सीधी कनेक्टिविटी की दिशा में भी सुविधाएं बढ़ेंगी।
दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने का उल्लेख करते हुए कहा कि गांवों में दुग्ध समितियां बनाई जा रही हैं। ऑर्गेनिक घी और दूध उत्पादन से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने की बात कही गई। दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए 12 से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक का लक्ष्य बताए जाने की जानकारी दी गई।
उन्होंने आगामी गोवर्धन पूजा पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्नत पशुपालकों को सम्मानित करने की बात भी कही।
किसान कल्याण पर जोर
सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने सिंचाई योजनाओं के बजट में वृद्धि का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिले के उन्नत किसानों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही कृषि से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों और योजनाओं पर प्रदर्शनी भी लगाई गई।
कार्यक्रम में अपेक्स बैंक चेयरमैन महेंद्र सिंह यादव, राजेश दीक्षित, कप्तान सिंह और पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।