भारतीय संस्कृति: ज्ञान परीक्षा में जावद के 2500 विद्यार्थियों ने लिया भाग

जावद। शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में युग निर्माण अभियान के तहत राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया गया। जावद क्षेत्र में आयोजित परीक्षा में 30 स्कूलों के करीब 2500 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
गायत्री परिवार के तहसील संयोजक जगदीश महावर ने बताया कि नीमच जिले में इस परीक्षा में 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनके व्यक्तित्व में सकारात्मक गुणों का विकास करना है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को सत्य, प्रेम और न्याय जैसे मूल्यों को जीवन में अपनाने तथा अपने समय और प्रतिभा का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाता है।
गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति के महत्व, सद्गुणों की आवश्यकता और परीक्षा के उद्देश्य की जानकारी दी। इसके बाद विद्यार्थियों को परीक्षा में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
आयोजकों के अनुसार परीक्षा के सफल आयोजन में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और गायत्री परिवार के सदस्यों का सहयोग रहा।
आयोजकों का कहना है कि इस तरह की परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।