सात सहेलिया बावड़ी पर चला स्वच्छता अभियान, सांसद निधि से ₹5 लाख की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों और कार्यकर्ताओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। साथ ही ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, जल संरक्षण और जनभागीदारी के माध्यम से क्षेत्र के विकास का संकल्प लिया गया।
52 समाजों से की स्वच्छता व संरक्षण की अपील
सांसद सुधीर गुप्ता ने बावड़ी परिसर के आसपास स्थित विभिन्न समाजों के कुलदेवता और कुलदेवी स्थलों के सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने 52 समाजों के प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं से परिसर की स्वच्छता एवं संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह परिसर धार्मिक आस्था के साथ शहर की ऐतिहासिक विरासत से भी जुड़ा है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के साथ समाजों की भागीदारी से इसके संरक्षण को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जा सकता है।
सांसद निधि से ₹5 लाख देने की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने किला क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं पर्यटन विकास के लिए सांसद निधि से ₹5 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखने और पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने पर जोर दिया।
प्राचीन जल प्रबंधन की धरोहर
सांसद ने मंदसौर के प्राचीन इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र का इतिहास औलिकर वंश, राजा यशोधर्मन और सौंधनी स्थित विजय स्तंभ जैसी ऐतिहासिक विरासतों से जुड़ा है। सात सहेलिया बावड़ी को उन्होंने प्राचीन जल प्रबंधन की महत्वपूर्ण धरोहर बताया।
कार्यक्रम में स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।