|
|
हमने कोरोना काल में लाखों लोगों को ऑक्सीजन और इंजेक्शन की कमी से मरते हुए देखा है, उस त्रासदी को हम भूले नहीं है, जब लाखों लोग मर रहे थे तब साहब थाली और ताली पिटवा रहे थे | हमने उन हजारों किसानों को मरते हुए देखा है जो अपनी फसल का उचित मूल्य मांग रहे थे | देश के करोडो नौजवान बेरोजगार घूम रहे हैं | अग्नि वीर योजना के नाम से उनके भविष्य के साथ क्रूर मजाक किया जा रहा है | यदि देश को भयमुक्त वातावरण से मुक्ति दिलाना चाहते हो तो केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनाओ | उक्त विचार नीमच मंदसौर जावरा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी दिलीप सिंह गुर्जर ने रतनगढ़ में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में व्यक्त किए |
श्री गुर्जर ने कहा कि आपने दो बार गुप्ता जी को जिताया, उनसे यह तो पूछो कि उन्होंने नीमच जिले को क्या दिया ? उनकी उपलब्धियां क्या है ? क्या वे एक भी उद्योग स्थापित कर पाए ? नौजवान बेरोजगार घूम रहे हैं, अफीम बोने वाले किसानों पर अत्याचार हो रहे हैं, भ्रष्टाचार का तांडव मचा हुआ है, चारों तरफ लूट ही लूट है, इन सब से बचना है तो केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनाओ | कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया ने कहा कि गुप्ता जी की एक भी उल्लेखनीय उपलब्धि नहीं है वरन नीमच जिले की सारी सुविधाएं गुप्ता जी के सांसद रहते हुए छीन ली गई | अब वक्त आ गया है कि नीमच जिले की जनता इस निष्क्रियता का बदला ले और कांग्रेस के भाई दिलीप सिंह गुर्जर, जो कि एक ऊर्जावान और चार बार के विधायक हैं, जिनको सक्रियता और कार्य करने की ललक के कारण अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है, उन्हें एक बार मौका अवश्य दें | रतनगढ़ पहुंचने पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह सांडा, जावद ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश राव, सुरेश शर्मा, शब्बीर भाई, मुजीब भाई, कमल छपरीबंद ने स्वागत किया | सभा को पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल, जिला पंचायत सदस्य तरुण वाहेती, सुरेश शर्मा व गजेंद्र यादव ने भी संबोधित किया | सभा का संचालन अध्यक्ष गोविंद सिंह सांडा ने किया व आभार मुजीब भाई ने माना |