अपने नाम की SIM किसी और को देना पड़ सकता है भारी, 3 साल तक जेल और ₹50 लाख तक जुर्माना

📍 नई दिल्ली | 21 सितंबर 2026
SIM कार्ड के गलत इस्तेमाल को लेकर चेतावनी
दूरसंचार विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे अपने नाम और पहचान दस्तावेजों पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की नियमित रूप से जांच करें। विभाग के मुताबिक, यदि किसी व्यक्ति के दस्तावेजों का इस्तेमाल उसकी जानकारी के बिना SIM जारी करने में किया गया है, तो उसे इसकी जानकारी लेकर संबंधित कनेक्शन को बंद कराने की प्रक्रिया अपनानी चाहिए।
इसके लिए सरकार के Sanchar Saathi प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर अपने नाम पर जारी मोबाइल नंबरों की जानकारी देखी जा सकती है।
छत्तीसगढ़ के मामले के बाद एडवाइजरी
DoT की चेतावनी एक साइबर अपराध जांच के दौरान सामने आए मामले के बाद आई है। रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ में एक Point of Sale (PoS) एजेंट ने कुछ लोगों के पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उनकी जानकारी या सहमति के बिना 25 मोबाइल कनेक्शन सक्रिय किए थे। इसके बाद संबंधित एजेंट को ब्लैकलिस्ट किया गया और संदिग्ध कनेक्शनों की दोबारा जांच की गई।
अपनी SIM किसी दूसरे को देने से भी बचें
DoT ने स्पष्ट किया है कि अपने नाम से जारी SIM किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए देना, किराये पर देना या उसे साइबर अपराध में इस्तेमाल होने देना कानूनी जोखिम पैदा कर सकता है। ऐसे मामलों में SIM धारक की भूमिका की भी जांच हो सकती है।
फर्जी दस्तावेजों के आधार पर SIM हासिल करना, किसी दूसरे व्यक्ति की पहचान का गलत इस्तेमाल करना या टेलीकॉम पहचान से संबंधित नियमों का उल्लंघन भी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।
IMEI से छेड़छाड़ पर भी कार्रवाई
एडवाइजरी में मोबाइल फोन के IMEI नंबर से छेड़छाड़ और अनधिकृत या बदले हुए टेलीकॉम आइडेंटिफायर वाले उपकरणों के इस्तेमाल को लेकर भी चेतावनी दी गई है। DoT के अनुसार ऐसे उल्लंघनों पर Telecommunications Act, 2023 के तहत कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है।
इसके अलावा किसी दूसरे नंबर को दिखाकर कॉल करने या Calling Line Identity (CLI) में बदलाव करने वाले अनधिकृत टूल्स के इस्तेमाल से भी बचने की सलाह दी गई है।
कैसे जांचें अपने नाम पर कितनी SIM हैं?
नागरिक Sanchar Saathi प्लेटफॉर्म के जरिए अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जानकारी देख सकते हैं। अगर कोई ऐसा नंबर दिखाई देता है जिसे वे पहचानते या इस्तेमाल नहीं करते, तो उसके संबंध में रिपोर्टिंग और ब्लॉक कराने की सुविधा उपलब्ध है।
मोबाइल हैंडसेट के IMEI की जानकारी और डिवाइस की वास्तविकता भी Sanchar Saathi की संबंधित सुविधा से जांची जा सकती है।