अमावली महल के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 2 वर्षीय बच्ची समेत पांच घायल

एक ही परिवार के चार लोग घायल
जानकारी के अनुसार, बिसलवास कलां निवासी बावरी परिवार के सदस्य एक बाइक से उपचार कराने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अमावली महल के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।
हादसे में लालाराम (20), गीता बाई (40), कमला बाई (23) और 2 वर्षीय शारदा घायल हुए। दूसरी बाइक चला रहे बंगारेड़ निवासी पुष्कर (45) भी हादसे में घायल हुए।
कई घायलों को फ्रैक्चर, बच्ची के सिर में चोट
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार परिवार के अधिकांश सदस्यों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ है।
वहीं 2 वर्षीय शारदा के सिर में गंभीर चोट बताई गई है। दूसरी बाइक के चालक पुष्कर के पैर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे आगे के उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर बघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों तथा दोनों वाहनों की स्थिति की जानकारी जुटा रही है।